रामनगर (वाराणसी) | काशीवार्ता:रामनगर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित भीटी बाईपास पर राधिका पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, चंदौली जिले के कबीरपुर गांव निवासी स्वर्गीय बच्चे लाल की 48 वर्षीय पत्नी जनमनी देवी किसी कार्य से कटारिया बाजार गई थीं। शुक्रवार सुबह जब वह राधिका पेट्रोल पंप के पास सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण शुक्रवार शाम करीब 4 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत के बाद शव को ट्रामा सेंटर की मर्चरी में सुरक्षित रखा गया। शनिवार को रामनगर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना से मृतका के परिवार में शोक की लहर है।
