
अमरोहा: सोशल मीडिया पर तीन लड़कियों से एक युवक की कथित शादी का वायरल मामला अब नया मोड़ ले चुका है। जिस शादी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं, वह अब महज एक प्रैंक साबित हुई है।
बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने तीनों लड़कियों ने बयान दिया कि उन्होंने युवक से कोई शादी नहीं की थी। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर फॉलोवर्स और व्यूज़ बढ़ाने के उद्देश्य से पूरी कहानी गढ़ी गई थी। वायरल होने के लिए शादी का नाटक रचा गया और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए गए।
लड़कियों ने स्पष्ट किया कि यह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएशन प्रैंक था, जिसका वास्तविक शादी से कोई संबंध नहीं है। उनके बयान के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आ गई है।
इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर फर्जी और भ्रामक कंटेंट को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। लोगों का कहना है कि वायरल होने की होड़ में इस तरह के प्रैंक समाज में भ्रम फैलाने के साथ-साथ प्रशासन का समय भी बर्बाद करते हैं। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
