कोर्ट से पुलिस को चकमा देकर भागा आरोपी आखिरकार दबोचा गया, बाबतपुर से भागने की फिराक में था मोनू खान

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की फूलपुर थाना पुलिस ने न्यायालय परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हुए आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बाबतपुर एयरपोर्ट बाउंड्री मार्ग के पास से उस समय पकड़ा गया, जब वह जिले से बाहर भागने की तैयारी में था।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फरार अभियुक्त मोनू खान बाबतपुर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि मोनू खान को 22 जुलाई 2026 को थाना फूलपुर में दर्ज चोरी के एक मुकदमे में चोरी की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक AMARON GO-60 बैटरी के साथ गिरफ्तार किया गया था। पेशी के लिए उसे न्यायालय ले जाया गया, जहां उसने शौच जाने का बहाना बनाया और पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भीड़ का फायदा उठाते हुए फरार हो गया था।

इस घटना के बाद थाना कैंट में अभियुक्त के खिलाफ फरार होने के संबंध में अलग मुकदमा दर्ज किया गया। उसकी तलाश के लिए फूलपुर पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि जेल जाने के डर से उसने कोर्ट परिसर से भागने की योजना बनाई थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपने घर नहीं गया और अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था। उसने बताया कि वह बाबतपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर जिले से बाहर भागने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोनू खान (22 वर्ष) पुत्र भोलई खान, निवासी ग्राम पुआरी खुर्द (गहनी), थाना बड़ागांव, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की सूचना संबंधित थाना कैंट और विवेचक को दे दी है। आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

TOP

You cannot copy content of this page