वाराणसी जोन को मिला नया एडीजी, पीयूष मोर्डिया का प्रयागराज तबादला, नवीन अरोरा ने संभाली कमान

वाराणसी-(काशीवार्ता)-उत्तर प्रदेश शासन ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले किए हैं। इस फेरबदल में वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पीयूष मोर्डिया का तबादला कर उन्हें पुलिस आयुक्त, प्रयागराज कमिश्नरेट नियुक्त किया गया है। वहीं अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएं), पुलिस मुख्यालय लखनऊ के पद पर तैनात नवीन अरोरा को वाराणसी जोन का नया एडीजी बनाया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार, आईपीएस-1998 बैच के पीयूष मोर्डिया अब प्रयागराज कमिश्नरेट की कमान संभालेंगे। वहीं आईपीएस-1997 बैच के नवीन अरोरा वाराणसी जोन के नए एडीजी के रूप में कार्यभार ग्रहण करेंगे। वाराणसी जोन पूर्वांचल का अत्यंत महत्वपूर्ण पुलिस जोन माना जाता है, जिसके अंतर्गत कई संवेदनशील जिले आते हैं। ऐसे में नए एडीजी नवीन अरोरा के सामने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण तथा आगामी त्योहारों और वीआईपी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
प्रदेश सरकार के इस तबादला आदेश में कई अन्य वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल हुआ है।

TOP

You cannot copy content of this page