वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 48वें दीक्षांत समारोह का आयोजन मंगलवार को सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में हुआ। समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने 53 मेधावी छात्र-छात्राओं को कुल 82 पदक प्रदान किए। इसके साथ ही विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के 63,184 विद्यार्थियों को उपाधियां भी प्रदान की गईं।
दीक्षांत समारोह के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं के चेहरों पर उपलब्धि की खुशी साफ झलक रही थी। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में पदक वितरण के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। वहीं समारोह को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में रंग-रोगन और आकर्षक साज-सज्जा भी कराई गई थी। पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने इस यादगार पल को कैमरे में कैद करने के लिए जमकर सेल्फी लीं।
कुलपति ने बताया कि इस वर्ष के दीक्षांत समारोह में पहली बार तकनीक का व्यापक उपयोग किया गया। विद्यार्थियों की डिग्रियां महज 20 सेकेंड में ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दी गईं, जिससे उन्हें तत्काल डिजिटल रूप में उपलब्ध कराया जा सका।
उन्होंने बताया कि 48वें दीक्षांत समारोह में देवी हैंडलूम, तेलंगाना के संस्थापक वाई. श्रीधर राव को समाज सेवा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद डी.लिट. (डॉक्टर ऑफ लेटर्स) की उपाधि से सम्मानित किया गया।
समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और गरिमा का माहौल देखने को मिला।
