मूक-बधिर दंपति समेत तीन की हत्या: प्रयागराज में कमरे के अंदर मिला खौफनाक मंजर

प्रयागराज । मंगलवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। शाहगंज थाना क्षेत्र के गढ़ी कला मोहल्ले में एक कमरे के अंदर पति-पत्नी और एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। तीनों के शव एक ही बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में मिले। मृतक दंपति बोल और सुन नहीं सकते थे।

घटना की जानकारी उस समय हुई, जब मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा आधा खुला देखा। काफी देर तक अंदर से कोई हलचल नहीं होने पर उन्होंने झांककर देखा तो तीनों के शव पड़े थे। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

छह महीने से किराए के कमरे में रह रहा था दंपति

गढ़ी कला मोहल्ले में सुशीला देवी के दो मंजिला मकान की पहली मंजिल पर मृतक दंपति किराए पर रहते थे। मकान मालकिन ने बताया कि दोनों करीब छह महीने से यहां रह रहे थे और कबाड़ बीनने का काम करते थे। वे कबाड़ मोहल्ले के ही कारोबारी श्यामलाल को बेचते थे।

सुशीला देवी के अनुसार, पति-पत्नी दोनों मूक-बधिर थे। सोमवार को एक महिला उनसे मिलने आई थी, जिसे उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था। उन्होंने उसे रिश्तेदार समझकर ज्यादा पूछताछ नहीं की। रात करीब 12 बजे वह अपने कमरे में सोने चली गईं।

मंगलवार सुबह जब वह बाहर आईं तो दंपति के कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। काफी देर तक कोई आवाज या हलचल नहीं हुई तो उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए।

कबाड़ कारोबारी ने बताया- 20 साल से जानता था दंपति को

कबाड़ कारोबारी श्यामलाल ने बताया कि वह मृतक दंपति को करीब 20 साल से जानते थे। दोनों खुद को कोलकाता का रहने वाला बताते थे। शुरुआत में वे फुटपाथ पर रहते थे, बाद में किराए का कमरा लेकर रहने लगे।

उन्होंने बताया कि जिस मकान में दंपति की हत्या हुई, वहां वे पहले भी करीब ढाई साल तक रह चुके थे। कुछ समय दूसरी जगह रहने के बाद करीब छह महीने पहले दोबारा इसी मकान में लौटे थे।

श्यामलाल के मुताबिक, दंपति का किसी से कोई विवाद नहीं था। कमरे में मिली तीसरी महिला भी कभी-कभी उनके साथ कबाड़ बेचने आती थी। महिला शराब पीने की आदी बताई जा रही है और घटना से एक दिन पहले वह नशे की हालत में दुकान पर आई थी। उसके पति की पहले ही मौत हो चुकी थी।

पुलिस जांच में जुटी

डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच, संदिग्धों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

TOP

You cannot copy content of this page