लखनऊ। पीजीआई क्षेत्र की सतगुरुपुरम कॉलोनी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में छह माह के मासूम की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। घटना के समय पिता काम पर जा चुके थे, जबकि मां घरेलू काम में व्यस्त थीं। बच्चे को आनन-फानन में निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, गोंसाईगंज-सुलतानपुर रोड निवासी कुलदीप पिछले डेढ़ वर्ष से पत्नी शिवानी के साथ चरन भट्ठा रोड स्थित सतगुरुपुरम कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे हैं। कुलदीप मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। छह माह का बेटा उनकी पहली और इकलौती संतान था।
बाल्टी में मासूम को देखकर चीख पड़ी मां
बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे कुलदीप काम पर निकल गए। उनके जाने के बाद शिवानी घरेलू कामकाज में लग गईं। इसी दौरान मासूम खेलते-खेलते तख्त के नीचे रखी पानी से भरी बाल्टी तक पहुंच गया और उसमें गिर गया। कुछ देर बाद बच्चा नजर नहीं आने पर मां ने उसकी तलाश शुरू की। जब उनकी नजर बाल्टी पर पड़ी तो उसमें मासूम को देखकर वह चीख उठीं।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को तत्काल निजी अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बुझ गया घर का इकलौता चिराग
घटना के बाद परिजन बच्चे का शव लेकर गोंसाईगंज पहुंचे, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसियों के अनुसार, मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
