
सोनभद्र। पुलिस महानिदेशक, महिला सम्मान प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क स्थित सभागार में स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट (एसजेपीयू) एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी लाइन भुवनेश्वर सिंह ने की।
बैठक में किशोर न्याय (जे.जे.) अधिनियम एवं पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत दर्ज मामलों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पीड़ित बच्चों को समयबद्ध ढंग से बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया जाए तथा पॉक्सो प्रकरणों में प्रारूप (क) एवं प्रारूप (ख) का नियमानुसार पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही बाल श्रम, बाल विवाह और बाल तस्करी की रोकथाम के लिए प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक दिन जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया। बैठक में बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों के समक्ष आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा करते हुए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में बाल कल्याण समिति के सदस्य, डिप्टी सीएमओ, जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल गृह (बालिका), श्रम विभाग, वन स्टॉप सेंटर, थाना एएचटीयू, एसजेपीयू तथा जनपद के सभी थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
