
सोनभद्र/उत्तर प्रदेश। जनपद में कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम की धीमी प्रगति और भारत सरकार के भारत पशुधन पोर्टल पर समयबद्ध डाटा अपलोड न होने पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कड़ा रुख अपनाते हुए 11 पशु चिकित्सा अधिकारियों के वेतन भुगतान पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई से पशुपालन विभाग में हड़कंप मच गया है।
वेतन रोकने की कार्रवाई चतरा ब्लॉक के बगौरा एवं जैमोहरा, जुगैल, दुद्धी, विंढमगंज, सुकृत, कोन, म्योरपुर, नगवां, चुर्क तथा रॉबर्ट्सगंज के संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारियों पर की गई है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कृत्रिम गर्भाधान से संबंधित सभी सूचनाएं भारत सरकार के भारत पशुधन पोर्टल पर शत-प्रतिशत और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपलोड की जाएं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को 30 जुलाई तक प्रगति में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा तक अपेक्षित प्रगति नहीं हुई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के साथ अन्य विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम में तेजी लाने और पोर्टल पर शत-प्रतिशत डाटा अपलोड सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
