श्रावण और कांवड़ यात्रा से पहले एक्शन मोड में सोनभद्र पुलिस, SP अभिषेक वर्मा खुद उतरे सड़कों पर

सोनभद्र। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोनभद्र पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंगलवार को थाना चोपन क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

पुलिस अधीक्षक ने गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की गहन जांच कर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

इस अवसर पर एसपी ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और दुकानदारों से संवाद कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया।

पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

TOP

You cannot copy content of this page