वाराणसी। मंडुआडीह क्षेत्र में दुकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आशीष पटेल उर्फ बल्लू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत की गई। आरोपी को बीएलडब्ल्यू परिसर स्थित नाथू गेट के पास से पकड़ा गया।
पुलिस का दावा है कि आरोपी दिन के समय बाजार में घूमकर दुकानों की रेकी करता था। इसके बाद रात में सुनसान और अंधेरे का फायदा उठाकर दुकानों के टीनशेड उखाड़कर अंदर प्रवेश करता और सामान लेकर फरार हो जाता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी पश्चिमी बाजार की कई दुकानों को निशाना बना चुका था।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों का गिफ्ट सामान, क्रीम, 10 लोवर, 8 पैकेट बैलून और 5,330 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामदगी को चोरी की घटनाओं से जोड़कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मामले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
