
चोपन, सोनभद्र। ओबरा विधानसभा क्षेत्र के चोपन विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कनहरा में बैरपुर-कनहरा मार्ग पर बिजुल नदी के ऊपर बनने वाले दीर्घ सेतु का भूमि पूजन प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री एवं ओबरा विधायक संजीव सिंह गोंड ने विधि-विधान से किया। सेतु निगम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्रवासियों से संवाद कर विकास कार्यों की जानकारी दी और उनकी समस्याएं भी सुनीं।
राज्यमंत्री ने कहा कि बिजुल नदी पर बनने वाला यह दीर्घ सेतु क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक परियोजना साबित होगा। इसके निर्माण से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच आवागमन पहले से अधिक आसान होगा, जिससे व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पुल केवल दो किनारों को नहीं, बल्कि विकास और समृद्धि के नए अवसरों को भी जोड़ने का काम करेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़क, पुल, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। स्थानीय लोगों ने भी इस परियोजना का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से इस मार्ग पर पुल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी और इसके बनने से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड, भगवान केशरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
