नर्स की नींद बनी मरीज की मौत ? ICU में हंगामा

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या के हासापुर स्थित झुनझुनवाला हॉस्पिटल में आईसीयू में भर्ती एक महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स सोती रही और मरीज की मौत की जानकारी समय पर किसी को नहीं मिली। घटना के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं।

परिजनों के मुताबिक, मृतका चंद्रावती का 22 जुलाई को हार्ट का ऑपरेशन हुआ था, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था। आईसीयू में किसी परिजन को मरीज के साथ रहने की अनुमति नहीं थी। मृतका के बेटे राजेंद्र ने बताया कि रात में वह सोने चले गए थे, जबकि उनकी बहन आईसीयू के बाहर बैठी थीं।

राजेंद्र के अनुसार, देर रात उनकी बहन मां को देखने के लिए आईसीयू के अंदर जाना चाहती थीं, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद नर्स ने उन्हें बाहर ही रोक दिया। आरोप है कि इसके बाद वार्ड की लाइट बंद कर नर्स सो गई। सुबह करीब चार बजे जब उनकी बहन दोबारा आईसीयू पहुंचीं तो चंद्रावती में कोई हलचल नहीं थी। इसके बाद अस्पताल स्टाफ को जगाया गया।

जांच के दौरान पता चला कि चंद्रावती की मौत रात करीब 1:35 बजे ही हो चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि समय पर निगरानी और इलाज मिलता तो शायद उनकी जान बच सकती थी। घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में अस्पताल प्रबंधन और ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।

TOP

You cannot copy content of this page