
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कांगड़ा घाट पर गंगा में स्नान के दौरान एक कांवड़िया तेज धारा में बहने लगा और देखते ही देखते डूबने लगा। घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन मौके पर तैनात एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने बिना समय गंवाए साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर उसकी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के जींद निवासी 19 वर्षीय कांवड़िया गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और गहरे पानी में डूबने लगा। घटना को देखते ही एसडीआरएफ के जवान तत्काल नदी में कूद पड़े और कुछ ही क्षणों में उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद जवानों ने कांवड़िये को तुरंत प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) दिया। समय रहते मिली मदद से उसकी जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई, साहस और सतर्कता की जमकर सराहना की। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात एसडीआरएफ की मुस्तैदी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आपदा की घड़ी में उनकी तत्परता लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित होती है।
