
वाराणसी। राजातालाब क्षेत्र में राह चलती महिलाओं और छात्राओं पर अश्लील टिप्पणियां करना एक युवक को भारी पड़ गया। मिशन शक्ति अभियान और एंटी रोमियो टीम की कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर सख्ती का संदेश गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान जक्खिनी चौकी प्रभारी और एंटी रोमियो प्रभारी की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि पशु चिकित्सालय जक्खिनी के पास एक युवक राह चलती महिलाओं और छात्राओं पर अश्लील टिप्पणियां और फब्तियां कस रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवक में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके से महगांव निवासी 23 वर्षीय कार्तिकेय पटेल को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं से अभद्रता करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील टिप्पणी, छेड़छाड़ या महिलाओं को परेशान करने की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
