वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर इलाके में एक महिला ने अपने ही परिवार के लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज, छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता आरती भारद्वाज पत्नी अमरनाथ भारद्वाज ने बुधवार को पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी के कार्यालय पहुंचकर लिखित प्रार्थना पत्र दिया और मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता के मुताबिक, वह अपने घर पर घरेलू काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी जेठानी लक्ष्मी देवी, उनके पुत्र राहुल व प्रदुम्न, पुत्री नीलम और संध्या पुत्री सोभनाथ कथित रूप से एकजुट होकर उसके पास पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपितों ने उसके बाल पकड़कर गला दबाया और दीवार में पटककर मारपीट की। महिला ने मारपीट में अंदरूनी चोट लगने की बात भी कही है।
आरती का आरोप है कि जब उसके पति अमरनाथ भारद्वाज उसे बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इसी दौरान आरोपित पक्ष के पुत्रों पर महिला के साथ अश्लील हरकत करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता के अनुसार, आरोपितों ने धमकी दी कि उसके पति को फर्जी मुकदमे में जेल भिजवा दिया जाएगा और पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
बचाने पहुंची दूसरी जेठानी से भी मारपीट का आरोप
घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। इसी बीच परिवार की दूसरी जेठानी निशा राजभर भी मौके पर पहुंचीं और आरती को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई और धमकी दी गई कि उनके कारण उनका पति जेल गया है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को थाने बुलाया गया। हालांकि, पीड़िता का आरोप है कि वहां कार्रवाई करने के बजाय उस पर सुलहनामा करने का दबाव बनाया गया। आरती का कहना है कि उसे थाने पर अपेक्षित न्याय नहीं मिला, जिसके बाद उसने उच्चाधिकारियों से शिकायत करने का फैसला लिया।
पुलिस आयुक्त से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
बुधवार को आरती भारद्वाज अपने परिवार के साथ पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई और अपने तथा परिवार के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की।
