
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के रथयात्रा इलाके में पुलिस और SOG-2 की संयुक्त टीम ने एक मकान में चल रहे कथित जुए के अड्डे पर छापेमारी कर 47 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मौके से 10 लाख रुपये से अधिक की नकदी, कई वाहन, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, रथयात्रा स्थित इस मकान को विशाल सिंह ने लीज पर लिया था। आरोप है कि मकान के अंदर ही जुए का खेल संचालित किया जा रहा था। गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और SOG-2 की टीम ने करीब तीन से चार दिनों तक निगरानी की। पुख्ता जानकारी जुटाने के बाद टीम ने मकान पर अचानक छापा मार दिया।
कार्रवाई के दौरान मकान के अंदर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से 47 जुआरियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी के साथ मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किए गए।
अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और जुए के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही मकान को जुए के अड्डे के रूप में इस्तेमाल किए जाने के मामले में भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा सकती है।
