
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के वाणिज्य कर्मचारियों ने ईमानदारी और उत्कृष्ट यात्री सेवा का परिचय देते हुए एक यात्री का खोया हुआ पर्स सुरक्षित लौटाकर मिसाल पेश की है। पर्स में एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड और ₹5,000 नगद सुरक्षित थे।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में कर्मयोगी मॉड्यूल से प्रशिक्षित वाणिज्य कर्मचारी यात्रियों को बेहतर और संवेदनशील सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। इसी क्रम में 23 जुलाई को बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-8 पर स्थित स्टॉल संख्या-1819 के पास एक लावारिस पर्स मिला था। कर्मचारियों ने पर्स को सुरक्षित रखकर उसके वास्तविक स्वामी की पहचान सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू की।
शनिवार को संबंधित यात्री के बनारस स्टेशन पहुंचने पर उसने अपना यात्रा टिकट और पहचान पत्र प्रस्तुत किया। सत्यापन के बाद सीनियर टीई अमृत राय ने पर्स उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया। पर्स में मौजूद सभी दस्तावेज और ₹5,000 की नकदी पूरी तरह सुरक्षित मिली।
अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर यात्री ने रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी, तत्परता और यात्री सेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए वाराणसी मंडल और रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया। यह घटना यात्रियों के प्रति रेलवे कर्मचारियों की जिम्मेदारी और भरोसे का एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गई।
