
वाराणसी (काशीवार्ता)। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई को सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में भव्य रूप से आयोजित होगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर 63,184 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी, जबकि शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, मुंबई के सीएमडी कैप्टन बी.के. त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस वर्ष दीक्षांत समारोह की थीम “विगत एक दशक में भारत की उपलब्धियां : विकसित भारत-2047 की आधारशिला” रखी गई है। कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय अति विशिष्ट अतिथि तथा राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रदर्शन करने वाले 26 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 43 स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 20 छात्राएं और 6 छात्र शामिल हैं। स्नातक के 8 और स्नातकोत्तर के 16 टॉपर्स के अलावा उत्कृष्ट खिलाड़ी सुमित कुमार भारती और अंजलि कुमारी को भी स्वर्ण पदक मिलेगा। विशेष बात यह है कि 17 विद्यार्थियों ने दो-दो स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
सत्र 2025-26 में विश्वविद्यालय के 49 पाठ्यक्रमों में 56 विद्यार्थियों ने सर्वोच्च अंक प्राप्त किए हैं। दीक्षांत समारोह में 49,659 स्नातक, 13,401 स्नातकोत्तर और 124 पीएचडी शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
दीक्षांत समारोह का ऑनलाइन लाइव प्रसारण भी विश्वविद्यालय के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा, ताकि देश-दुनिया में मौजूद विद्यार्थी और अभिभावक इस गौरवपूर्ण पल के साक्षी बन सकें।
इससे पहले दीक्षोत्सव-2026 के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर और गोद लिए गए गांवों में मां-बेटी कार्यक्रम, भाषण, निबंध, काव्य पाठ, चित्रकला, कहानी कथन, लोकनृत्य, देशभक्ति समूह गीत, पारंपरिक खेल, पुस्तक पठन, छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण और स्वच्छता अभियान जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों का भी संदेश दिया गया।
