उन्नाव में साइबर ठगों पर पुलिस का बड़ा वार! 30 दिन में पीड़ित के खाते में लौटे ₹43,776.50

उन्नाव। उन्नाव पुलिस की साइबर टीम ने एक बार फिर अपनी त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को बड़ी राहत दिलाई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत थाना गंगाघाट पुलिस और साइबर टीम ने पीड़ित की पूरी ठगी गई धनराशि ₹43,776.50 सफलतापूर्वक वापस कराई।

जानकारी के अनुसार, कंचन नगर, शुक्लागंज निवासी मनीष सक्सेना ने 30 जून 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ₹43,776.50 की साइबर ठगी कर ली गई है।

शिकायत मिलते ही कोतवाली गंगाघाट की साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और बैंकिंग प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने संबंधित संस्थानों से समन्वय स्थापित किया। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप 29 जुलाई 2026 को पीड़ित के खाते में पूरी ₹43,776.50 की राशि रिफंड करा दी गई।

धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने उन्नाव पुलिस और साइबर टीम का आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई को साइबर अपराधों के खिलाफ पुलिस की सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया का उदाहरण माना जा रहा है।

उन्नाव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी का शिकार हों तो बिना देरी किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी गई रकम वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

TOP

You cannot copy content of this page