गुरुपूर्णिमा से पहले श्री सर्वेश्वरी समूह ने पेश किया जनसेवा का वार्षिक रिपोर्ट कार्ड, 88 हजार मरीजों का इलाज और 2.10 लाख पौधे लगाए

वाराणसी। गुरुपूर्णिमा महोत्सव की पूर्व संध्या पर पड़ाव स्थित अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम् में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में श्री सर्वेश्वरी समूह ने वर्ष 2025-26 के दौरान किए गए जनसेवा कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर समूह के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम ने संस्था की वार्षिक पत्रिका ‘अघोरेश्वर-स्मारिका वर्ष 2026’ का लोकार्पण किया।

पत्रकारों से बातचीत में बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम ने कहा कि आधुनिकता की चकाचौंध में युवा पीढ़ी अपने बड़े-बुजुर्गों और संत-महापुरुषों के बताए आदर्शों से दूर होती जा रही है। यही कारण है कि समाज अनेक समस्याओं का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रभावशाली लोगों को सही दिशा दिखाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने नैतिक मूल्यों में गिरावट पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रकृति भी मानव के गलत आचरण से प्रभावित हो रही है, जिसके चलते कहीं अतिवृष्टि, कहीं सूखा और कहीं भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि “अघोर और औघड़ सहज हैं, लेकिन सुगम नहीं।”

संस्था के मंत्री डॉ. एस.पी. सिंह ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि पिछले एक वर्ष में संस्था ने 88,390 मरीजों का उपचार किया तथा विभिन्न चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर आयोजित किए। पर्यावरण संरक्षण के तहत 2.10 लाख से अधिक पौधे लगाए गए, जबकि छत्तीसगढ़ के जशपुर में दो लाख से अधिक सीड बॉल और मध्य प्रदेश के नरसिंहगढ़ में एक लाख से अधिक सीड बॉल रोपे गए। इस उपलब्धि को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी स्थान मिला।

उन्होंने बताया कि संस्था ने आदिवासी क्षेत्रों में रोजगार बढ़ाने के लिए चाय, पिपरमेंट और कोको की खेती को प्रोत्साहित किया। गर्मी में प्यासों के लिए पनशालाएं चलाई गईं, पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था की गई तथा सर्दी में जरूरतमंदों को कंबल, रजाई, शॉल और अन्य गर्म वस्त्र वितरित किए गए। नेपाल सहित देश के कई राज्यों में सेवा कार्य संचालित किए गए।

संस्था ने शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए। मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, स्वर्ण पदक और सम्मान प्रदान किए गए। गरीब बच्चों के लिए निःशुल्क भोजन, आवास और शिक्षा की व्यवस्था की गई। स्कूलों में बैग, किताबें और खेल सामग्री वितरित की गई तथा “जातिवाद राष्ट्रहित के लिए दुखद है” विषय पर निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

पत्रकार सम्मेलन में उपाध्यक्ष डॉ. ब्रजभूषण सिंह, प्रमुख वैद्य बैकुंठनाथ पाण्डेय, डॉ. बामदेव पाण्डेय, वरिष्ठ पत्रकार दलीप सिंह सहित संस्था के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

TOP

You cannot copy content of this page