
मृत शिक्षक की फ़ाइल फ़ोटो
रेनुकूट/सोनभद्र। रेनुकूट के बस स्टैंड के पास हुई मारपीट की घटना ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। गंभीर रूप से घायल हुए शिक्षक की इलाज के दौरान वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कम्पोजिट विद्यालय पनारी (चोपन) में अनुदेशक के पद पर कार्यरत संदीप कुमार पाल, पुत्र भगवंत कुमार पाल, दो दिन पहले देर रात बस स्टैंड स्थित मदन पान भंडार के समीप कुछ लोगों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके सिर पर गहरी चोट आई थी। बताया जा रहा है कि घायल अवस्था में ही वह अपनी दोपहिया वाहन से चौकी पहुंचे और घटना की सूचना दी।
इसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए हिंडालको अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया, जहां मंगलवार तड़के करीब 3 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक अपनी पत्नी के साथ हिंडालको अस्पताल परिसर स्थित क्वार्टर आई-608 में रहते थे। उनकी पत्नी हिंडालको अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत हैं।
थाना प्रभारी पिपरी निरीक्षक राजेश चौबे ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर 3 से 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा हो सकेगा।
