चंदौली। जिले के सकलडीहा तहसील परिसर में मंगलवार को एक अनोखा विवाह लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। यहां तीन बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से मंदिर में सात फेरे लिए। खास बात यह रही कि विवाह के दौरान महिला का पूर्व पति भी मौके पर मौजूद रहा। इस पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग तहसील परिसर में जुट गए, जिससे काफी देर तक हलचल का माहौल बना रहा।
बताया गया कि महिला सकलडीहा क्षेत्र की रहने वाली है। पहले पति से अलग होने के बाद उसने अपने प्रेमी के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर में विवाह किया और साथ जीवन बिताने का संकल्प लिया। विवाह की रस्में पूरी होने के दौरान वहां मौजूद लोगों की भीड़ इस अनोखे घटनाक्रम की साक्षी बनी रही।
महिला ने आरोप लगाया कि उसका पहला पति लंबे समय से उसके साथ मारपीट करता था और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। उसका कहना है कि इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने पति से अलग होने और नया जीवन शुरू करने का फैसला किया।
वहीं, महिला के पूर्व पति ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उसका कहना है कि उसकी पत्नी का पिछले करीब दो वर्षों से दूसरे युवक के साथ प्रेम संबंध था। उसके अनुसार, इसी कारण वह उसे छोड़कर अपने प्रेमी के साथ विवाह करने चली गई।
फिलहाल यह विवाह और इससे जुड़े आरोप-प्रत्यारोप पूरे इलाके में चर्चा का विषय बने हुए हैं। हालांकि, दोनों पक्षों के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
