
संवाददाता : काशीवार्ता, भदोही
भदोही। सुरियावां क्षेत्र के महजूदा बाजार में रविवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसा। हादसे में दुकान का टीन शेड क्षतिग्रस्त हो गया और दुकान में रखी हरी सब्जियां बर्बाद हो गईं। गनीमत रही कि दुकानदार समय रहते वहां से हट गया, जिससे उसकी जान बच गई।
बताया जाता है कि शाम करीब सात बजे एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गोली मौर्या की सब्जी, चाय-पान व किराना दुकान में जा घुसा। वाहन को तेजी से अपनी ओर आता देख दुकानदार मौके से भाग निकला। हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पाली पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन समेत चालक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
