
मोबाइल से खुद भर सकेंगे जनगणना विवरण, 6025 नागरिकों ने कराया पंजीकरण
भदोही। भारत की जनगणना 2027 के तहत चल रहे स्व-गणना अभियान में भदोही जनपद तेजी से सहभागिता दर्ज करा रहा है। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी शैलेष कुमार ने जनपदवासियों से डिजिटल जनगणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पहली बार आम नागरिकों को मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं जनगणना विवरण भरने की सुविधा दी गई है। इससे प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनेगी। उन्होंने बताया कि अब तक जनपद में 6025 नागरिक स्व-गणना के लिए पंजीकरण कर चुके हैं। प्रशासन की ओर से लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना की अंतिम तिथि 21 मई 2026 निर्धारित की गई है। नागरिक जनगणना पोर्टल पर मोबाइल नंबर के जरिए पंजीकरण कर अपना विवरण दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक दल घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य करेंगे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के निर्माण में इसकी अहम भूमिका होती है।
उन्होंने लोगों से स्वयं स्व-गणना करने के साथ परिवार, पड़ोस और ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया, ताकि जनगणना 2027 अभियान को सफल बनाया जा सके।
