मिट्टी से नंबर प्लेट छिपाकर करता था लूट, शातिर चैन स्नैचर गिरफ्तार

वाराणसी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारनाथ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर चैन स्नैचर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। कार्रवाई एडीसीपी वरुणा ज़ोन लिपि नगायच और एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना के निर्देशन में की गई।

पुलिस के अनुसार, सारनाथ थाना क्षेत्र में हुई चैन स्नैचिंग की घटना के बाद पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर हृदयपुर रिंग रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी बबलू जायसवाल को गिरफ्तार किया गया। आरोपी उस समय लूटी गई चेन को बेचने की फिराक में था।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पुलिस से बचने के लिए बाइक की नंबर प्लेट पर मिट्टी पोत देता था, जिससे पहचान न हो सके। उसने 3 मई 2026 को हिरामनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक महिला से सोने की चेन छीनी थी।

पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 10.320 ग्राम वजन की सोने की चेन, जिसकी अनुमानित कीमत 1.40 लाख रुपये बताई गई है, बरामद की। आरोपी पर वाराणसी और मऊ में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

TOP

You cannot copy content of this page