गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने कैश वैन लूटकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया। मारे गए बदमाशों की पहचान जुबेर और समीर के रूप में हुई है, जिन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। दोनों लंबे समय से पुलिस की तलाश में थे और कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित बताए जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक देर रात पुलिस को दोनों बदमाशों की लोकेशन की सूचना मिली, जिसके बाद कमिश्नरेट पुलिस, क्राइम ब्रांच और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इस ऑपरेशन का नेतृत्व डीसीपी धवल जायसवाल, एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह और स्वाट टीम प्रभारी अनिल राजपूत ने किया। कार्रवाई में थाना सिहानी गेट प्रभारी कुलदीप दीक्षित और वेव सिटी एसओ मानवेंद्र सिंह की टीम भी शामिल रही।
पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड के कार्यकाल में इसे छठवां फुल एनकाउंटर बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस दोनों बदमाशों के आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी है।
