
वाराणसी। लालपुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। गोइठहां के पास गिट्टी से लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक बेकाबू होकर दूसरी लेन में घुस गया और सामने से आ रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रेलर ऑटो को अपने नीचे फंसाकर काफी दूर तक घसीटते हुए रिंग रोड से नीचे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर रिंग रोड फेज-1 पर तेज गति से जा रहा था। इसी दौरान सामने एक पिकअप वाहन आने पर चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रेलर दूसरी लेन में पहुंच गया और ऑटो उसकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।
सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ऑटो अभी भी ट्रेलर के नीचे दबा हुआ है तथा उसमें कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि अन्य को निकालने के लिए क्रेन की मदद से ट्रेलर हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं। हादसे के कारण रिंग रोड पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और मृतकों व घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
