वाराणसी से सीएम योगी का बड़ा संदेश, बोले: ‘सपा ने नाम मिटाया, हमने सम्मान लौटाया’
वाराणसी में आयोजित ‘संत रविदास 650वीं जयंती समरसता संकल्प समारोह’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि भदोही जिले को दोबारा ‘संत रविदास नगर’ के नाम से जाना जाएगा। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर महापुरुषों के सम्मान के मुद्दे पर तीखा हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सपा सरकार ने राजनीतिक सोच के तहत कन्नौज मेडिकल कॉलेज से डॉ. भीमराव अंबेडकर और भदोही जिले से सद्गुरु संत रविदास का नाम हटाकर दलित समाज और संत परंपरा का अपमान किया था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने इस अन्याय को सुधारते हुए कन्नौज मेडिकल कॉलेज का नाम फिर से बाबा साहब के नाम पर बहाल किया है।
सीएम योगी ने बताया कि औरैया मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार महापुरुषों, संतों और राष्ट्रनायकों की विरासत का सम्मान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनके सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद समारोह में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया। यह घोषणा अब प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा का विषय बन गई है।
