भोजपुरी गायक रितेश पांडेय को फोन पर जान से मारने की धमकी, 10 लाख की रंगदारी मांगी

वाराणसी। भोजपुरी गायक एवं अभिनेता रितेश पांडेय को फोन पर जान से मारने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। मामला सारनाथ थाना क्षेत्र के तिलमापुर से जुड़ा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी बुलबुल यादव और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

तहरीर के मुताबिक, आरोपी ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए रितेश पांडेय से 10 लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि रकम तय समय में नहीं देने पर जान से मारकर शव फेंकने की धमकी दी गई। घटना के बाद गायक और उनके परिवार में भय का माहौल है।

सारनाथ पुलिस ने बीएनएस की धारा 308(5), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्यवाहक थाना प्रभारी अनुज शुक्ला ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। हालांकि, अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

TOP

You cannot copy content of this page