
झारखंड सरकार ने घोषित कर रखा था 25 लाख का इनाम, NIA की ओर से भी 5 लाख का पुरस्कार
वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र में रविवार तड़के पुलिस और यूपी एटीएस की संयुक्त टीम की प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) के एक इनामी कमांडर से मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में नक्सली बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, रामनगर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, तड़के करीब पौने पांच बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो बदमाश बाइक से टेंगरा मोड़ से भीटी होते हुए मुगलसराय की ओर जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर रामनगर पुलिस और यूपी एटीएस की टीम ने इलाके में घेराबंदी की।
बताया गया कि बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस की नाकाबंदी देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उन्हें रोककर गिरफ्तार करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि बदमाशों ने वाहन से उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लग गई।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान यूपी एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण के बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बताए गए हैं।
घायल बदमाश की पहचान बृजेश गंजू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता, पुत्र पंचू गंजू, निवासी लूटू, थाना लवलंग, जनपद चतरा, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह तृतीय प्रस्तुति कमेटी का कमांडर था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस का दावा है कि बृजेश गंजू पर झारखंड सरकार की ओर से 25 लाख रुपये तथा एनआईए की ओर से 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। घटना के बाद पुलिस और एटीएस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मुठभेड़ में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश में भी कार्रवाई की जा रही है।
