वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन पर बाइक से पहुंचने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। अगर आपने निर्धारित पार्किंग स्टैंड के बाहर मोटरसाइकिल खड़ी की तो आपकी परेशानी बढ़ सकती है। रेलवे परिसर में अव्यवस्थित पार्किंग पर आरपीएफ ने सख्ती शुरू कर दी है।
सोमवार को बनारस रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार की ओर आरपीएफ ने अभियान चलाया। इस दौरान स्टैंड के बाहर खड़ी मिली कई मोटरसाइकिलों को आरपीएफ कर्मी अपने पोस्ट पर ले गए। अचानक बाइक गायब मिलने से वाहन मालिकों में हड़कंप मच गया।
बाद में जब मोटरसाइकिल मालिक आरपीएफ पोस्ट पहुंचे तो उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत जुर्माने की राशि जमा करनी पड़ी। इसके बाद भविष्य में निर्धारित पार्किंग स्टैंड के बाहर वाहन नहीं खड़ा करने की सहमति के बाद उनकी मोटरसाइकिल वापस की गई।
आरपीएफ की इस कार्रवाई से स्टेशन परिसर में बाइक खड़ी करने वाले लोगों में चर्चा शुरू हो गई है। यात्रियों को अब स्टेशन पहुंचने पर निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है, ताकि जुर्माने के साथ वाहन उठाए जाने की कार्रवाई से बचा जा सके।
