
चंदौली। फायर NOC जारी करने में देरी की शिकायतों को लेकर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सख्त रुख अपनाया। शुक्रवार को एसपी ने मुख्य अग्निशमन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अचानक निरीक्षण से कार्यालय में हड़कंप की स्थिति रही।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने फायर वाहनों, जीवन रक्षक उपकरणों और अन्य अग्निशमन संसाधनों की बारीकी से जांच की। उन्होंने सभी संसाधनों को 24 घंटे ऑपरेशनल रखने और आग की सूचना मिलने पर क्विक रिस्पॉन्स टाइम बेहतर करने के निर्देश दिए।
एसपी ने फायर NOC से जुड़े अभिलेखों की भी जांच की और लंबित आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि फायर NOC जारी करने के मामलों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी आकाश पटेल ने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति का फायर NOC अनावश्यक रूप से लंबित किया जा रहा है, तो इसकी सूचना सीधे एसपी कार्यालय को दें, ताकि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान मुगलसराय इंस्पेक्टर विजय प्रताप सिंह समेत अग्निशमन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
