वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित होटल क्लार्क के सामने सड़क धंसने के कारण स्कूल का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया गया कि वाहन स्कूल से बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान सड़क धंसने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे इलेक्ट्रिक पोल से टकरा गया।
घटना की सूचना मिलते ही आईसीओपी नदेसर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस की तत्परता से वाहन में सवार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। हादसे में वाहन चालक को हल्की चोट आई, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है। सड़क धंसने के कारणों और घटना की परिस्थितियों को लेकर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
