
वाराणसी। शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने, विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मंडुआडीह पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को 25 जुलाई की रात करीब 12:25 बजे बरेका (BLW) आवासीय परिसर से दबोचा।
पुलिस के मुताबिक, लहरतारा निवासी महिला की तहरीर पर 24 जुलाई को किशन कुमार के खिलाफ धारा 115(2), 352, 351(3) और 69 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाए। बाद में विरोध करने पर उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रवीण सचान कर रहे हैं। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए किशन कुमार (30), निवासी लहरतारा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने युवती से मित्रता और आपसी सहमति से संबंध होने की बात कही। पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी वाराणसी छोड़कर जाने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उससे पहले ही उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रवीण सचान, उपनिरीक्षक विवेक यादव, फैंटम-48 के कांस्टेबल अमित कुमार तिवारी और कांस्टेबल संदीप शाह शामिल रहे। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
