नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को रद्द कर दिया गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित हुई परीक्षा को पेपर लीक की आशंका के चलते निरस्त करने का फैसला लिया है। इस परीक्षा में देशभर से करीब 23 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा रद्द होने की खबर के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता और नाराजगी का माहौल है।
एनटीए ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रारंभिक जांच में पेपर लीक से जुड़े कुछ इनपुट मिलने के बाद केंद्र सरकार की मंजूरी से परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया। मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई को सौंप दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियां कई राज्यों में सक्रिय गिरोहों और संदिग्ध परीक्षा केंद्रों की जांच कर रही हैं। वहीं, एनटीए ने भरोसा दिलाया है कि नई परीक्षा तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी और छात्रों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
इस फैसले के बाद विपक्ष ने सरकार और एनटीए की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं, जबकि छात्र संगठन परीक्षा प्रणाली में बड़े सुधार की मांग कर रहे हैं।
