
वाराणसी (काशीवार्ता )।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन कर्मचारी संगठन द्वारा कर्मचारियों के हित में लंबित 16 सूत्रीय जायज मांगों को लेकर सोमवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया प्रशासनिक कार्यालय, वाराणसी के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। संगठन का आरोप है कि कई दौर की वार्ता के बावजूद बैंक प्रबंधन द्वारा कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, जिसके विरोध में 25 एवं 26 मई 2026 को देशव्यापी हड़ताल की औपचारिक नोटिस दी जा चुकी है।
कर्मचारियों ने बताया कि हड़ताल पूर्व विभिन्न चरणों में ज्ञापन सौंपने, भोजनावकाश में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन, प्रेस कॉन्फ्रेंस, ट्विटर/एक्स अभियान तथा सांसद, वित्त मंत्री एवं प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर प्रबंधन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है। इसी क्रम में 5 मई को भी विरोध प्रदर्शन किया गया था।
सोमवार को आयोजित प्रदर्शन में एसबीआईएसए लखनऊ मंडल के महामंत्री डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिया, जबकि धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व एसबीआईएसए वाराणसी परिक्षेत्र के उप महामंत्री मनोज सिंह ने किया।
प्रदर्शन में संगठन के पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, पंकज कुमार, अभय मिश्रा, पंकज राय, रघुवर तिवारी, बी.के. सिंह, अश्विनी सिंह, पी.एन. सिंह, श्रीमती रजनी लता, उपासना सोनी, शिल्पी अग्रवाल, अनूप सिंह, संजय कुमार समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल रहे। कर्मचारियों ने प्रबंधन से मांगों को जल्द स्वीकार करने की मांग करते हुए कहा कि जब तक उनकी न्यायसंगत एवं तर्कसंगत मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
