
सिंधोरा (वाराणसी)। फूलपुर थाना क्षेत्र के खालिसपुर रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी, आरपीएफ और फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, फूलपुर बाजार निवासी प्रदीप अग्रहरि (डम्मर) के 36 वर्षीय पुत्र अभिषेक अग्रहरि एक निजी दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के पद पर कार्यरत थे। बुधवार दोपहर करीब एक बजे वह खालिसपुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंचे, जहां तेज रफ्तार से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अभिषेक अपनी बाइक रेलवे लाइन के किनारे खड़ी कर ट्रैक की ओर गए थे। इसी दौरान वह मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनके शरीर के कई अंग क्षत-विक्षत हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। मृतक के मोबाइल फोन के जरिए परिजनों से संपर्क कर उनकी पहचान की गई। इसके बाद फूलपुर थाने के उपनिरीक्षक अमित कुमार पांडेय और कांस्टेबल दीपक कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की।
परिजनों ने बताया कि अभिषेक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और अविवाहित थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत का प्रतीत होता है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
