
वाराणसी में चौक चांदी कांड की जांच के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देर रात लंका क्षेत्र में दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घटना उस समय हुई जब थाना चौक क्षेत्र में सर्राफ कर्मचारियों से लाखों रुपये की चांदी की उचक्कागीरी के आरोपियों की तलाश में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम लगातार दबिश दे रही थी।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को देर रात लंका इलाके में संदिग्ध बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। खुद को चारों ओर से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर ही घायल होकर पकड़ लिए गए।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लगने से एसओजी प्रभारी भी घायल हो गए। घायल अधिकारी और दोनों आरोपियों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाश चौक चांदी कांड में वांछित थे और इनके पास से महत्वपूर्ण बरामदगी भी हुई है। हालांकि बरामद सामान और आरोपियों की पहचान का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया गया है।
पुलिस प्रशासन इस पूरे मामले में बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुठभेड़, बरामदगी, आरोपियों की पहचान और पूरे ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी साझा करेगा। इस कार्रवाई को वाराणसी पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है और माना जा रहा है कि इससे चौक चांदी कांड का जल्द ही पूरा खुलासा हो सकता है।
