वाराणसी में बारिश का असर: गंगा हर घंटे 1 सेमी चढ़ रही, नौका संचालन बंद

वाराणसी। गुरुवार सुबह से वाराणसी का मौसम बदला हुआ है। शहर में रुक-रुककर हल्की बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 24 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।

मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव के अनुसार फिलहाल मानसून की सक्रियता कुछ कमजोर हुई है, लेकिन 4 से 5 अगस्त के बीच इसके दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। इसके बाद पूर्वांचल में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।

हर घंटे 1 सेंटीमीटर बढ़ रहा गंगा का जलस्तर

लगातार हो रही बारिश और ऊपरी क्षेत्रों से छोड़े जा रहे पानी के कारण गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह गंगा का जलस्तर 61.84 मीटर दर्ज किया गया, जो लगभग 1 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।

बढ़ते जलस्तर के चलते सामनेघाट से नमो घाट तक स्थित करीब 50 से 60 छोटे मंदिर गंगा के पानी की चपेट में आ चुके हैं। घाटों के निचले हिस्से भी धीरे-धीरे जलमग्न होने लगे हैं।

तेज बहाव के चलते नौका संचालन पर रोक

गंगा के तेज बहाव और ऊंची लहरों को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन अगले आदेश तक नौका संचालन और नौकायन पर रोक लगा दी है। प्रशासन ने नाविकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे गंगा किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं और सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करें।

प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें लगातार घाटों का निरीक्षण कर रही हैं। जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

TOP

You cannot copy content of this page