
वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र में पत्नी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले एक आरोपी को पुलिस ने अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के घर से हथियार बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास सेठ उर्फ विक्की (42 वर्ष) निवासी रेशम कटरा, थाना चौक, हाल पता चंद्रा टावर, नाटी इमली के रूप में हुई है। बताया गया कि 29 जुलाई को आरोपी की पत्नी ने डायल-112 और चेतगंज पुलिस को सूचना देकर आरोप लगाया कि उसका पति उसके साथ मारपीट कर रहा है, गाली-गलौज कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है। महिला ने यह भी बताया कि उसके पति के पास एक अवैध पिस्टल है।
सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और नाटी इमली चौकी प्रभारी संदीप कुमार सिंह को मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस टीम महिला की निशानदेही पर आरोपी के घर पहुंची और तलाशी ली। तलाशी के दौरान बिस्तर के नीचे से .32 बोर की एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी को मौके से ही हिरासत में लेकर चेतगंज थाने में आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
घटना के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
