100 मीटर नो-पार्किंग बोर्ड के बावजूद चौराहों पर ऑटो-टोटो का कब्जा, जाम से जनता परेशान

वाराणसी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए चौराहों और तिराहों से 100 मीटर के दायरे में ऑटो-टोटो संचालन पर रोक संबंधी संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं। इसके बावजूद कई स्थानों पर चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। चौराहों और तिराहों के बिल्कुल करीब ऑटो-टोटो खड़े होने से यातायात प्रभावित हो रहा है और आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।

शहर के कई प्रमुख चौराहों और तिराहों पर यह समस्या अधिक दिखाई दे रही है। भिखारीपुर, बरेका गेट, एपेक्स हॉस्पिटल, ककरमत्ता पेट्रोल पंप और कलेक्ट्री फार्म चौराहा ऐसे प्रमुख स्थान हैं, जहां ऑटो-टोटो चालक सवारियों के इंतजार में सड़क के किनारे और चौराहों के आसपास खड़े रहते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहों के नजदीक ऑटो-टोटो खड़े होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। व्यस्त समय में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को जाम में फंसना पड़ता है।

लोगों ने यातायात पुलिस और संबंधित विभाग से नियमों का सख्ती से पालन कराने और निर्धारित 100 मीटर के दायरे में ऑटो-टोटो संचालन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।

TOP

You cannot copy content of this page