
संवाददाता : काशीवार्ता, भदोही
भदोही। जनपद के बहरैची क्षेत्र में आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में मंगलवार को मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय निर्माण परियोजना का भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सांसद , जिला पंचायत अध्यक्ष , पूर्व विधायक तथा जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिथियों ने पौधरोपण भी किया।
करीब 24.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक विद्यालय प्री-प्राइमरी से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा एक ही परिसर में उपलब्ध कराएगा। परियोजना के प्रथम चरण के लिए 12.38 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी यूपीपीसीएल यूनिट-16 मिर्जापुर को सौंपी गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि यह विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विद्यालय में स्मार्ट क्लास, आधुनिक शैक्षिक संसाधन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
परियोजना के तहत मुख्य शैक्षणिक भवन (जी+2), मिड डे मील भवन, बाल वाटिका, मल्टीपरपज हॉल, प्रधानाचार्य आवास, स्टाफ रूम, डोरमेट्री, गार्ड रूम, बाउंड्रीवाल, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस मॉडल विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा और अभिभावकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूर शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी , जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
