
डीसीपी ने टीम को दिया 25 हजार का इनाम
वाराणसी-(काशीवार्ता)- सिगरा पुलिस ने चोरी की 74 ग्राम सोने की चेन (कीमत करीब 12.50 लाख) के साथ वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। सराहनीय कार्य पर डीसीपी काशी जोन ने टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार से सम्मानित किया है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित अविनाश प्रताप सिंह निवासी परेड कोठी, सिगरा ने 10 सितंबर की रात करीब 11.45 बजे कैंट बस स्टैंड के सामने पिलर नंबर 42 के पास मारपीट के दौरान चेन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदक अपनी पत्नी और दोस्त फैजान के साथ पार्टी से लौट रहे थे, तभी बाइक सवार 3-4 लोगों से कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई। इसी दौरान गले की चेन टूटकर गिर गई, जिसे भूरे रंग की शर्ट पहने व्यक्ति ने चुरा लिया। मुकदमा संख्या 0397/2026 धारा 303(2),115(2),317(2) BNS के तहत दर्ज किया गया था।
घटना के अनावरण के लिए पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी के घर तक करीब 200 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। आरोपी की पहचान बाबूलाल चौरसिया (26) पुत्र स्व. कन्हैया लाल चौरसिया, निवासी अनौला हरिजन बस्ती, टकटकपुर, थाना कैंट के रूप में हुई। उसे 17 तरिखव को उसके घर से गिरफ्तार कर चोरी की चेन बरामद की गई। आरोपी पर पहले से 6 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें कैंट थाने और जीआरपी प्रयागराज के मामले शामिल हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र, चौकी प्रभारी रोडवेज विकास सिंह, उ0नि0 प्रशान्त बन्धु, मु0आ0 जितेन्द्र सिंह, आरक्षी नीरज मौर्या, नीलेश, रि0म0का0 शिवानी सिंह और सर्विलांस सेल के अश्वनी सिंह शामिल रहे।
