वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के एक मामले में वांछित चल रहे शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की नकदी बरामद की है। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जितेन्द्र पाल सिंह और कांस्टेबल देवेन्द्र प्रताप सिंह की टीम अकथा चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त गोपी राजभर (25), निवासी हृदयपुर, सारनाथ, हृदयपुर अंडरपास के पास ऑटो का इंतजार कर रहा है और कहीं भागने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की। पुलिस को देखकर गोपी राजभर भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों मदन राजभर, करिया और राकेश के साथ मिलकर शिवपुर के कानूडीह निवासी अक्षय कुमार राजभर के सोने के आभूषण और नकदी चोरी की थी। उसने बताया कि घटना उस समय हुई जब पीड़ित शराब के नशे में सो रहा था।
तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के एक हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, गोपी राजभर के खिलाफ हत्या, चोरी और मारपीट समेत छह गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।
