वाराणसी कमिश्नरेट की चितईपुर पुलिस ने बंद मकान में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, एक लेनोवो टैबलेट तथा अन्य सामान बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 3 जून 2026 को एक व्यक्ति ने थाना चितईपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ले गए हैं। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। लगातार जांच, मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से 6 जून को प्रज्ञानगर कॉलोनी से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश पटेल (23 वर्ष), निवासी नासिरपुर तथा अनुज साहनी (22 वर्ष), निवासी प्रज्ञानगर कॉलोनी, सुंदरपुर के रूप में हुई है। उनकी निशानदेही पर सोने के झुमके, अंगूठियां, हार, चैन, चांदी की मूर्तियां, पायल, सिक्के, कटोरी-चम्मच, आर्टिफिशियल ज्वैलरी और एक लेनोवो टैबलेट बरामद किया गया।
बरामद सामान की पहचान वादी ने अपने चोरी गए सामान के रूप में की है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
