सिंधोरा, वाराणसी (काशीवार्ता)। फूलपुर थाना क्षेत्र के मानापूर गांव के पास वाराणसी-जौनपुर फोरलेन मार्ग पर रविवार रात एक चलती कार में अचानक आग लग गई। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, जबकि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओडिशा निवासी शुभदीप अपनी ब्रेजा कार से गाजियाबाद जा रहे थे। रात लगभग नौ बजे मानापूर गांव के समीप पहुंचते ही कार में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन विभाग मौके के लिए रवाना हुए। हालांकि उनके पहुंचने से पहले ही कार का अगला हिस्सा आग की चपेट में आकर जल चुका था। बाद में पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार को काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
