
सारनाथ थाना क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। 29 दिन की एक नवजात बच्ची को जान से मारने की नीयत से सड़क पर पटकने और उसका मुंह दबाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार अकथा पहाड़िया निवासी पप्पू बनवासी ने शिकायत दर्ज कराई कि शनिवार को वह अपनी 29 दिन की पौत्री को घर पर खिला रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी विकास यादव पुत्र शोभनाथ यादव बच्ची को खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। आरोप है कि उसने कुछ दूरी पर ले जाकर बच्ची को इंटरलॉकिंग सड़क पर पटक दिया तथा उसका मुंह दबाकर हत्या का प्रयास किया। शोर मचने पर आसपास के लोगों के पहुंचने से बच्ची की जान बच गई।
पीड़ित की तहरीर पर थाना सारनाथ में अपराध संख्या 303/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 352, 351(3) तथा एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार को आरोपी विकास यादव (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के निर्देशन में पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
