वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत बनियापुर हाईवे पर सोमवार दोपहर एक हाइवा ट्रक और ऑल्टो कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर चोट नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत चंदापुर चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अवनीश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सबसे पहले यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर जाम की स्थिति समाप्त की गई।
पुलिस के अनुसार ऑल्टो कार (UP 50 BC 9274) को बकर पुत्र फैजान, निवासी लवरिया, जनपद आजमगढ़ चला रहे थे। वहीं हाइवा ट्रक (UP 53 GT 8007) के चालक शैलेंद्र यादव पुत्र रविंद्र यादव, निवासी थाना रामकोला, जनपद कुशीनगर हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ओवरटेक करने के दौरान दोनों वाहन आपस में टकरा गए।
घटना के बाद दोनों पक्षों को चंदापुर चौकी लाया गया, जहां पुलिस की मौजूदगी में बातचीत हुई। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ है और क्षेत्र में यातायात पूरी तरह सामान्य है।
