
वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अभ्यर्थियों को बस किराए में 50 प्रतिशत छूट देने के निर्णय के बाद बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इसी क्रम में एडीसीपी काशी वैभव बांगर ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश और निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण तथा परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल, फर्जी अभ्यर्थी या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य सभी अभ्यर्थियों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराते हुए परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना है।
